
उप्र। कन्नौज में रिजर्व पुलिस लाइन के छात्रावास में शुक्रवार को प्रशिक्षु महिला सिपाही ने फंदा लगाकर जान दे दी। पहली मंजिल पर बने बॉथरूम में लगे टॉवेल हैंगर में दुपट्टे से बने फंदे में उसका शव लटकता हुआ मिला। पुलिस ने प्रशिक्षु सिपाही का मोबाइल और कमरे से कुछ प्रपत्र कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि प्रेम-प्रसंग के चलते महिला सिपाही ने आत्महत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं पर घटना की जांच कर रही है। रिजर्व पुलिस लाइन में दोपहर में प्रतिसार निरीक्षक के आवास के सामने बने छह मंजिला छात्रावास की पहली मंजिल पर बॉथरूम में प्रशिक्षु महिला सिपाही रानू जादौन (24) का शव दुपट्टे से बने फंदे में लटकता मिला। रानू मूल रूप से जनपद एटा के जलेसर कस्बे के मोहल्ला हथौड़ा की रहने वाली थी। पुलिस लाइन में वह एक माह का जेटीसी प्रशिक्षण ले रही थी। हाल में ही पुलिस भर्ती में उसका चयन हुआ था और कन्नौज जिले में नियुक्त किया गया था। सुबह सात बजे वह अन्य सभी महिला आरक्षियों के साथ पुलिस लाइन में प्रशिक्षण व परेड में शामिल होने गई थी। कुछ देर बाद तबीयत खराब होने की बात कहकर वह छात्रावास में कमरे में आ गई। दोपहर में लंच के समय उसकी रूममेट आरक्षी शिवानी जादौन जब कमरे पर पहुंची तो उसका शव टॉवेल हैंगर से लटका देख दंग रह गई। उसने इसकी जानकारी प्रतिसार निरीक्षक सुखवीर सिंह को दी।
थोड़ी ही देर में एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, तिर्वा सीओ डॉ. प्रियंका वाजपेयी और सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतरवा कर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने रानू जादौन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को सील कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। परिजन भी इस घटना से स्तब्ध हैं। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि प्रारंभिक जांच में प्रशिक्षु महिला सिपाही द्वारा व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या करने की बात सामने आई है। कारणों का पता लगाया जा रहा हैए इसके लिए उसके मोबाइल व कमरे से मिले कुछ प्रपत्रों की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।
