
रामबन। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां शुक्रवार की देर रात एक कार अनियंत्रित होकर 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि एसयूवी शुक्रवार देर रात उखराल पोगल परिस्तान क्षेत्र में सेनाबाथी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि तौकीर अहमद ;20द्ध नाम के यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों घायलों को अस्पताल लेकर जाया गयाए जिसमें से तीन मोहम्मद रफीक (40), अब्दुल लतीफ (40) और एजाज अहमद (20) की रास्ते में मौत हो गई। वहीं शकील अहमद (24) नाम के एक युवक की शनिवार सुबह श्रीनगर के एक अस्पताल में मौत हो गई। इस हादसे में यावर अहमद (25) की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार किया जा रहा है।
वहीं रामबन जिले में हुए इस हादसे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों तथा पीड़ितों परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 25 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
