
रूस के पूर्वी तट पर कामचटका प्रायद्वीप के पास आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। रिक्टर स्केल पर 8.7 तीव्रता वाले भूकंप से धरती कांपी तो लोग भी दहशत में आ गए। रूसी एजेंसी का कहना है कि भूकंप के बाद कामचटका में 30 से अधिक बार झटके महसूस किए गए। पलभर में तबाही के मंजर की आशंका को भांपते हुए लोग घरों से बाहर भागने लगे। वहीं भूकंप के बाद रूस के कुरील द्वीप समूह और जापान के बड़े उत्तरी द्वीप होक्काइडो के तटीय इलाकों में सुनामी आ गई। तमाम इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
रूस के कामचटका में आए भूकंप के झटकों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें दिखा गया कि एक घर में बुरी तरह से सामान हिल रहा। यूजर ने लोगों को सचेत रहने की चेतावनी दी है। एक अन्य वीडियो में एक कैंप में रखा सामान हिलता दिख रहा है। लोगों का कहना है कि झटकों से ऐसा महसूस हुआ कि कोई तेजी से हमें झकझोर रहा हो। झटके महसूस होने पर लोग घर से बाहर की ओर भागे। वहीं रूसी एजेंसी ने कहा कि भूकंप के बाद कई बार 2 से 5 की तीव्रता वाले 30 अतिरिक्त झटके महसूस किए गए।
