
आगरा। एमजी रोड का यातायात परिवर्तित करने के लिए सबसे लंबा फ्लाईओवर बनेगा। यह खंदारी से शुरू होकर राजामंडी, लोहामंडी, शाहगंज होते हुए प्रतापपुरा को जोड़ेगा। आगरा-दिल्ली हाईवे से वाहन इस फ्लाईओवर के जरिये सीधे माल रोड जा सकेंगे। यह फ्लाईओवर करीब 15 किमी. लंबा होगा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने फ्लाईओवर के सर्वे और एलाइनमेंट निर्धारण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और राज्य सेतु निगम को निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि एमजी रोड से भविष्य में यातायात का दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए फ्लाईओवर सबसे बेहतर विकल्प है, जो खंदारी से लोहामंडी, शाहगंज होते हुए प्रतापपुरा तक जाएगा। पहले इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है। फिर विशेषज्ञ एजेंसी से डीपीआर बनवाई जाएगी। फ्लाईओवर का निर्माण मेट्रो मॉडल पर होगा। पहले पिलर खड़े किए जाएंगे, फिर ऊपर रोड बनेगी। बीच-बीच में प्रवेश और निकास के लिए रास्ता होगा। जहां से फ्लाईओवर पर वाहन चढ़ और उतर सकेंगे। फिलहाल, एमजी रोड पर मेट्रो के एलिवेटिड ट्रैक निर्माण का कार्य चल रहा है। यह कार्य 2026 तक चलेगा। मेट्रो निर्माण की बैरिकेडिंग से भी एमजी रोड संकरी हो गई है।
भगवान टॉकीज से प्रतापपुरा तक आठ किमी. लंबी एमजी रोड पर रोज करीब एक लाख से अधिक वाहन दौड़ते हैं। बस, ऑटो, रिक्शा व अन्य भारी वाहनों के कारण जाम की समस्या विकराल रूप ले रही है। एमजी रोड पर यातायात का दवाब कम करने के लिए 2010 में कलेक्ट्रेट से पुलिस लाइन, पंचकुइयां, कोठी मीना बाजार, साकेत कॉलोनी, मारुति एस्टेट से बोदला, अमरपुरा होते हुए मघटई तक एमजी रोड-2 बनाई गई थी लेकिन एमजी रोड-2 पर भी अब जाम की समस्या खड़ी हो गई है।
