
मझोला के कांशीराम नगर में गोशाला की आड़ में देह व्यापार करने का मामला सामने आया है। गिरोह की चंगुल से निकलकर भागकर वन स्टॉप सेंटर पहुंचीं तीनों लड़कियों से यहां देह व्यापार कराया जा रहा था। हरकत में आई पुलिस ने बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने कांशीराम नगर में दबिश देकर एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस दौरान पुलिस को एक और किशोरी मिली है। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमित कौशल ने दर्ज कराए केस में बताया कि जीआरपी ने बिहार के मधुबनी जिले के फूलव्रास थानाक्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को समिति के सामने पेश किया। 19 अगस्त को किशोरी की काउंसलिंग की गई जिसमें उसने बताया कि करीब तीन माह पहले वह घर से नाराज होकर निकल आई थी। वह ट्रेन में बैठकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी तो वहां से सचिन नाम का युवक काम दिलाने के बहाने उसे मुरादाबाद के कांशीराम नगर में पिंकी नाम की महिला के घर ले आया। जहां सचिनए अवनीश और विजय ठाकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसकी जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार की सुबह एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंहए सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता मझोला थाने की पुलिस के साथ बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर पहुंच गए। महिला पुलिस कर्मियों ने किशोरी और अन्य दो युवतियों से भी पूछताछ की तो उन्होंने आपबीती सुनाई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सीडब्लूसी के अध्यक्ष अमित कौशल की तहरीर पर आरोपी महिला पिंकी सचिन विजय ठाकुर और अवनीश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (1) 70 (2)115 (2) 352 और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। मंगलवार की सुबह जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन में टीटीई जितेंद्र सिंह को एक किशोरी और दो युवतियां बिना टिकट मिलीं थीं। पूछताछ करने पर तीनों लड़कियों ने टीटीई को बताया कि वह मुरादाबाद के कांशीराम नगर में एक मकान में बंधक थीं। उनसे देह व्यापार कराया जा रहा था। ट्रेन मुरादाबाद पहुंची तो टीटीई ने जीआरपी को ट्रेन के कोच में ही बुला लिया। किशोरी बिहार की रहने वाली थी। जबकि एक युवती बस्ती जिले और दूसरी अमरोहा के जोया की निकली। किशोरी तीन माह पहले घर से नाराज होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। बस्ती जिले की निवासी युवती भी दो माह पहले नाराज होकर घर से निकली और मुरादाबाद पहुंच गई। अमरोहा जिले के जोया निवासी युवती एक साल से पहले सचिन के चंगुल में आई थी। सोमवार की रात आरोपियों के चंगुल से निकल भाग गई थीं।
