
पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने दौसा जिले में भारी तबाही मचाई है, जिससे व्यापक जलभराव हो गया है और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है, सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं, जिससे निवासियों पर बुरा असर पड़ रहा है। राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में लगातार बारिश के कारण सुरवाल बांध के ओवरफ्लो होने से रविवार को एक विशाल गड्ढा बन गयाए जिससे ज़मीन धंस गई और कई गाँवों में व्यापक बाढ़ आ गई। गाँव के पास ज़मीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे एक बड़ा गड्ढा बन गया और पहुँच मार्ग कट गए। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है जिसे देखते हुए राज्य की राजधानी जयपुर सहित कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, राज्य में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश का दौर आगामी दो-तीन दिन तक जारी रह सकता है। विभाग ने सोमवार को राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 12 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, सीकर, हनुमानगढ, बीकानेर जोधपुर धौलपुर और अजमेर जिलों में कहीं.कहीं भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है इस अवधि में सबसे अधिक 173 मिलीमीटर बारिश नागौर में हुई। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों के लिए सेना की सहायता ली है। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य के तीन जिलों में राहत और बचाव कार्य के लिए सेना की मदद ली जा रही है।
