
आज देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम है। बुद्धि, समृद्धि और नई शुरुआत के देवता भगवान गणेश के सम्मान में उत्सव को मनाया जाता है, जिसमें भक्त पंडाल सजाते हैं और ढोल-नगाड़ों, संगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान गणेश का स्वागत करते हैं। बॉलीवुड सितारों के बीच भी इस उत्सव को धूम-धाम से मनाया जाता है और हर साल की तरह इस बार भी बॉलीवुड सितारे भी इस उत्सव में पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ शामिल हो रहे हैं। इसी के साथ अंबानी परिवार में भी धूमधाम से श्एंटीलिया चा राजाश् का स्वागत किया गया।
सोशल मीडिया पर एंटीलिया चा राजा के स्वागत के कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रहे हैं, जिसमें अनंत अंबानी के साथ राधिका मर्चेंट नजर आ रही हैं। दोनों बप्पा के स्वागत में व्यस्त हैं और आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी देखे जा सकते हैं। वीडियो में अनंत और राधिका दोनों ट्रेडिशनल वियर में नजर आए। दोनों को अपने घर के बाहर खड़े होकर बप्पा का स्वागत करते देखा जा सकता है। वहीं बप्पा को लाने वाला ट्रक भी खूबसूरत फूलों से सजा गया है।
बप्पा के स्वागत के लिए पूरे एंटीलिया को रंग-बिरंगी लाइट और फूलों से सजाया गया है और साथ ही बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मुंबई पुलिस भी मौजूद रही। सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटी पैपराजी विरल भयानी ने एंटीलिया चा राजा के भव्य स्वागत का वीडियो शेयर किया है, जिसमें पहले तो अनंत.राधिका बप्पा के स्वागत में खड़े नजर आते हैं और उसके बाद कार में बैठकर आगे निकल जाते हैं। वहीं एक अन्य वीडियो में एंटीलिया के अंदर की झलक देखी जा सकती है, जिसमें अंबानी फैमिली की बड़ी बहू श्लोका मेहता बप्पा के स्वागत के इंतजार में नजर आ रही हैं।
