
हिमाचल प्रदेश । सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में मंगलवार शाम को अचानक हुए भीषण भूस्खलन ने पूरे इलाके को दहला दिया। चंद सेकंड में पहाड़ी से आए मलबे की जद में दो मकान आ गए और दो परिवारों के सदस्य मलबे में दफन हो गए। इनमें से तीन के शव मंगलवार को बरामद हो गए थे। बुधवार को भी तीन और शव बरामद किए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम ने घर की छत काटकर दो शवों को निकाला। दोनों की पहचान सुरेंद्र कौर और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा मलबे से एक व्यक्ति का और शव मिला।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी भी तलाशी आपरेशन जारी है। स्कूटर सवार के साथ किसी और के होने की भी आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मकान गिरने के करीब एक घंटे तक मलबे से लोगों की चीख पुकार सुनाई देती रहीए उसके बाद आवाजें थम गईं। मलबे के आगे बेबस लोग कुछ नहीं कर पाए। दो परिवार के सदस्यों के अलावा मलबे की चपेट में एक वाहन भी आया। उधर, पहाड़ी से मलबा आने के बाद साथ लगते मकानों के लोग खतरे को देखकर भाग गए। स्थानीय निवासी नागेश ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे घटना का पता चला तो वह मदद करने पहुंचे।
बताया कि मलबे से करीब एक घंटे तक चीख पुकार सुनाई देती रही। 100 मीटर ऊंची पहाड़ी है। यहां सड़क है और सड़क से नीचे दो मकान थे। चांबी पंचायत के उपप्रधान आशीष रावत ने बताया कि उनका घर घटनास्थल के पास ही है। जोरदार धमाके की आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचा। देखा कि दोनों मकान मलबे चपेट में आए हैं। उनके पास मशीनरी थीए जिसे मौके पर लगाया गया और खुद मलबा हटाना शुरू किया।
