
नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं। राजधानी काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन और नेताओं के घरों पर हमला कर आगजनी की। इस दौरान 22 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और 300 से अधिक लोग घायल हुए। पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ के घर को भी आग लगा दी गई, जिसमें उनकी पत्नी की मौत हो गई।
बॉलीवुड अभिनेत्री और नेपाल मूल की मनीषा कोइराला ने इस हिंसा पर दुख जताया है। उन्होंने खून से सने जूते की तस्वीर साझा करते हुए लिखा— “आज का दिन नेपाल के लिए काला दिन है, जनता की आवाज़ को गोलियों से दबाया जा रहा है।”
मनीषा ने अपने दादा और नेपाल के पहले प्रधानमंत्री बी.पी. कोइराला को याद करते हुए कहा कि लोकतंत्र अविभाज्य है और इसके लिए संघर्ष को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। अपनी पोस्ट और इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए उन्होंने Gen Z आंदोलन का समर्थन किया और स्पष्ट किया कि यह आंदोलन सिर्फ सोशल मीडिया बैन के खिलाफ नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, खराब शासन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाए गए प्रतिबंधों के खिलाफ है।
