
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में सराय ख्वाजा चौकी के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। एक मकान का छज्जा अचानक गिरने से एक महिला सहित छह लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 4 वर्षीय रफत को मृत घोषित कर दिया। हादसे में रफत के माता-पिता और दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। मकान मालिक गुड्डू ने आरोप लगाया कि पड़ोस में निर्माण कार्य के दौरान बड़े गड्ढे खोदे जाने और पिलर डालने से उसके मकान में दरारें आ गई थीं। घटना के वक्त ड्रिलिंग मशीन की कंपन से छज्जा गिरा। सूचना पर एसीपी लोहा मंडी मयंक तिवारी और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छज्जा हटाने के निर्देश दिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
