
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे केशवराय गांव में 40 वर्षीय समाज कल्याण अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। आशीष सिंह पूरे केशवराय गांव के ही मूल निवासी थे। पढ़ाई में होनहार आशीष ने अपनी मेहनत के बल पर बेसिक शिक्षा विभाग में खंड शिक्षा अधिकारी का पद प्राप्त किया। करीब दो साल पहले उन्होंने पीसीएस परीक्षा पास की और वर्तमान में आजमगढ़ जिले में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात थे। करीब 10 साल पहले उनकी शादी सुल्तानपुर जिले में हुई थी और उनका एक पांच वर्षीय बेटा है। परिजनों के अनुसार, बीते तीन महीनों से उनकी पत्नी मायके में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, आशीष शनिवार को छुट्टी लेकर गांव आए थे और बुधवार सुबह ड्यूटी पर आजमगढ़ जाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर परिजनों ने आवाज दीए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो आशीष का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
