लखनऊ/इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ में पुलिस ने गोकशी की साजिश नाकाम करते हुए एनकाउंटर के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं इटावा में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत दो अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़े। लखनऊ के दुबग्गा इलाके में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जाखकर बाग के पास गोकशी की योजना बना रहे हैं। चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में हरदोई निवासी आरोपी वसीम गोली लगने से घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गयाए जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इटावा में देर रात हुए एनकाउंटर में पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश अंशुल को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। अंशुल पर वन रक्षक पर धारदार हथियार से हमला करने और लकड़ी माफियाओं से जुड़ी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। इस दौरान उसका साथी प्रकाश भी पकड़ा गया। दोनों से पूछताछ जारी है।
