गोरखपुर। पशु तस्करों ने 19 वर्षीय छात्र दीपक गुप्ता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में बवाल मच गया और ग्रामीणों ने आगजनी कर जाम भी लगाया। सोमवार देर रात करीब 12ः30 बजे तीन गाड़ियों से आए पशु तस्करों ने गांव में मवेशियों को खोलने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान दीपक गुप्ता भी उन्हें रोकने गया। तस्करों ने दीपक को जबरन अपनी गाड़ी (डीसीएम) में बैठाया, एक घंटे तक घुमाने के बाद सड़क पर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को घर से करीब 4 किलोमीटर दूर फेंका गया।
भीड़ ने गुस्से में डीसीएम को आग के हवाले कर दिया, जबकि तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर हालात पर काबू पाने की कोशिश की। इस दौरान एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह घायल हो गए। मंगलवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगाया। चार थानों की फोर्स तैनात की गई। पुलिस तस्करों की तलाश और हालात नियंत्रित करने में जुटी है।
एसएसपी राज करण नय्यर ने बताया कि कुछ लोगों ने अफवाह फैला दी थी कि गोली लगी थीए लेकिन पोस्टमार्टम में कोई गोली के निशान नहीं मिले। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव में तलाशी अभियान में लगी हैं। एक पशु तस्कर को ग्रामीणों ने पकड़ा और पीटाए उसका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को पीड़ित परिवार से संवाद करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
