प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित अवैध भूमि आवंटन घोटाले के मामले में मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) के पूर्व आयुक्त दिनेश कुमार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें बुधवार को बेंगलुरु स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी उनकी हिरासत की मांग करेगी। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने मंगलवार को बेंगलुरु स्थित कुमार से जुड़े दो आवासीय परिसरों की तलाशी ली थी। जांच में पाया गया कि आयुक्त रहते हुए कुमार ने विशेष लाभ के बदले बड़े पैमाने पर अवैध भूमि आवंटन किया और धन शोधन गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
यह मामला कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस की एफआईआर पर आधारित है। एफआईआर में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उनकी पत्नी बी.एम. पार्वती, रिश्तेदार मल्लिकार्जुन स्वामी और अन्य के नाम शामिल हैं। इस बीच, हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने मुख्यमंत्री की पत्नी बीण्एमण् पार्वती के खिलाफ ईडी की याचिका खारिज करते हुए कर्नाटक उच्च न्यायालय का फैसला बरकरार रखा था। अदालत ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील मामलों में ईडी के आचरण पर भी सवाल उठाए थे।
