
नई दिल्ली। राजधानी के अशोक विहार इलाके में देर रात सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस निकलने से एक सफाई कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की तबीयत बिगड़ गई। सभी का इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12 बजे एक अपार्टमेंट के पास हुई। सफाई के दौरान अचानक जहरीली गैस निकलने से 40 वर्षीय कर्मचारी अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य कर्मचारी गैस की चपेट में आकर बीमार पड़ गए।
विशेषज्ञों के अनुसार, सीवर में मौजूद कार्बनिक पदार्थों के अपघटन और रासायनिक प्रतिक्रियाओं से जहरीली गैसें जैसे हाइड्रोजन सल्फाइड, मीथेन और कार्बन डाइऑक्साइड बनती हैं। इनमें हाइड्रोजन सल्फाइड सबसे जहरीली होती है, जिसकी गंध सड़े अंडे जैसी होती है। कई बार औद्योगिक अपशिष्ट और डिटर्जेंट जैसे रसायन भी मिलकर जहरीली गैसें पैदा करते हैं।
यह कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली और देशभर में सीवर की सफाई के दौरान जहरीली गैस से कर्मचारियों की मौत के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि सुरक्षा उपकरण और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल अनिवार्य न होने के कारण ऐसी दुर्घटनाएँ लगातार हो रही हैं।
