वृंदावन। बुधवार सुबह रुकमणि विहार स्थित श्रीकृष्ण हाइट्स अपार्टमेंट में बड़ा हादसा हो गया। ग्वालियर की रहने वाली विवाहिता निधि उपाध्याय (28) ने 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से उसका पति शैलेंद्र यादव लापता है। पुलिस जांच में सामने आया कि निधि और शैलेंद्र ग्वालियर के रहने वाले हैं। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और पिछले 15 महीनों से वृंदावन के श्रीकृष्ण हाइट्स की 15वीं मंजिल (फ्लैट नंबर.1504) में रह रहे थे। शादी के बाद निधि के परिजनों ने उससे संबंध तोड़ लिए थे, जबकि शैलेंद्र अपने परिजनों के संपर्क में बना रहा।
सूत्रों के अनुसारए शैलेंद्र निधि को अपने घर ले जाने को तैयार नहीं था और ससुराल वालों ने भी साफ इनकार कर दिया था। इसी को लेकर दंपती में अक्सर विवाद होता था। मंगलवार रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने बताया कि आवाजें फ्लैट के बाहर तक सुनाई दी थीं और विवाद के बाद निधि ने पति को कमरे से बाहर निकाल दिया था। पुलिस को फ्लैट से मिला सुसाइड नोट बताता है कि निधि घरेलू कलह और प्रेम विवाह के बाद परिवार से रिश्ते टूटने से परेशान थी। डिप्रेशन के चलते उसने पहले भी नींद की गोलियां खाई थीं। बुधवार सुबह करीब 5 बजे उसने छलांग लगाकर जान दे दी। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पति शैलेंद्र की तलाश जारी है। परिजनों के आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
