बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटरों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार बरामद हुए हैं और आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की गई है। इन पर एडीजी जोन रमित शर्मा ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गिरफ्तार शूटर नकुल और विजय बागपत जिले के रहने वाले हैं। 11 सितंबर की सुबह इन्होंने पाटनी के घर से कुछ दूरी पर हवाई फायरिंग की थी, जिसकी भनक परिवार को नहीं लगी। बाद में पड़ोसियों को कारतूस का खोखा मिला तो धमाके की चर्चा हुई।
इसके बाद गैंग सरगना गोल्डी बरार और रोहित गोदारा ने रविंद्र और अरुण को फायरिंग का आदेश दिया। दोनों ने अगले दिन गोलीबारी कर दहशत फैलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मुठभेड़ में इन्हें ढेर कर दिया।
अब दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए नकुल और विजय से पूछताछ के लिए बरेली पुलिस बी-वारंट जारी करने की तैयारी कर रही है। दोनों से गैंग की पूरी साजिश और नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
