उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा पहुंचे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले में शिरकत की। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की क्षमता रखता है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। पहले भारत दुनिया के सबसे पिछड़े देशों में गिना जाता था, लेकिन अब यह दुनिया की टॉप 4 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अगले तीन वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में है।
उन्होंने यह भी कहा कि खुद को धर्मनिरपेक्ष बताने वाली पिछली सरकारें भारत को विश्व शक्ति बनाने में नाकाम रहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संभव कर दिखाया। सीएम योगी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “वोकल फॉर लोकल” और स्वदेशी मंत्र को देश की प्रगति का आधार बताया और कहा कि स्वदेशी होने का मतलब है सशक्त और आत्मनिर्भर होना।
