आगरा I भाजपा पार्षद विजय वर्मा के चाचा 52 वर्षीय खुशीराम के साथ मारपीट करने वाले जिम ट्रेनर बिल्ला यादव उर्फ बिल्ला डॉन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में हुई थी।
खुशीराम अपने पोते वरदान को स्कूल से घर ले जा रहे थे, जब दरगाह के पास बाइक पर बैठे युवकों से रास्ता हटाने को कहा। इस पर विवाद बढ़ गया और बिल्ला यादव ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की, जिससे खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना एत्माद्दौला प्रभारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि मुख्य आरोपी बिल्ला यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
बिल्ला यादव क्षेत्र में दबंग के रूप में जाना जाता है और पहले भी उसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हैं। वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर चुका है और इलाके में आतंक फैलाता रहा है।
