अमेरिका एक बार फिर अफगानिस्तान में सैनिक तैनात करने पर विचार कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बगराम एयर बेस का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका इसे वापस पाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने इस कदम को चीन के करीब स्थिति वाले इस बेस को हासिल करने की रणनीति से जोड़ा।
ट्रंप ने ब्रिटेन यात्रा के समापन पर ब्रिटिश पीएम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम उस बेस को इसलिए चाहते हैं क्योंकि यह चीन के परमाणु हथियार निर्माण स्थल से लगभग एक घंटे की दूरी पर है।” उन्होंने संकेत दिया कि तालिबान आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है और अमेरिकी सेना की वापसी के लिए सहमत हो सकता है।
याद दिला दें कि 2021 में अमेरिकी सैनिकों के अचानक अफगानिस्तान छोड़ने के बाद तालिबान ने पूरे देश और बगराम एयर बेस पर कब्जा कर लिया था। बगराम एयर बेस अफगानिस्तान के परवान प्रांत में स्थित है, काबुल से 47 किलोमीटर उत्तर में है और इसमें 11,800 फुट का रनवे है, जो बड़े बमवर्षक और मालवाहक विमानों के संचालन में सक्षम है। व्हाइट हाउस ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि अमेरिका और तालिबान सरकार के बीच इस मुद्दे पर कोई नई बातचीत हुई है या नहीं।
