पेंसिल्वेनिया के नॉर्थ कोडोरस टाउनशिप में बुधवार को घरेलू विवाद की जांच कर रही पुलिस टीम पर एक व्यक्ति ने फायरिंग की। इसमें 3 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और 2 घायल हुए। जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया गया। घटना फिलाडेल्फिया से करीब 185 किमी पश्चिम में हुई।
पेनसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने घटना पर दुख व्यक्त किया, जबकि अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने इसे “हमारे समाज पर अभिशाप” बताया। स्थानीय स्कूलों में एहतियातन ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ आदेश जारी किया गया था, जिसे दोपहर तक हटा दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना एक घरेलू विवाद की जांच के दौरान हुई और हमलावर की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। उपराज्यपाल ऑस्टिन डेविस और अटॉर्नी जनरल डेव संडे ने प्रभावित अधिकारियों और परिवारों के लिए प्रार्थना की अपील की।
