दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम, बेटी ने पड़ोसी की छत पर कूदकर बचाई जान
कन्नौज के मकरंदनगर मोहल्ले में सोमवार दोपहर बदमाशों ने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर महिला की हत्या कर दी गई। बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए शीशा तोड़कर पड़ोसी की छत पर छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। वारदात में टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार जसवंत सिंह और उसके भतीजे का नाम सामने आया है, जो पिछले तीन माह से परिवार के नए मकान में काम कर रहे थे। कोमल (26) ने पुलिस को बताया कि दोनों ने पहले उसकी मां सुनीता श्रीवास्तव (50) के हाथ-पैर बांधकर हथौड़ी से सिर पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसे भी बांधकर अलमारी से नकदी व जेवर निकाल लिए। जब आरोपी चाकू से उस पर वार करने पहुंचे तो वह शीशा तोड़कर पड़ोसन की छत पर कूद गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि बदमाशों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद सुनीता को बीमा से पैसा मिला था, जिससे उन्होंने नया मकान बनवाया। इसी मकान में ठेकेदार जसवंत और उसका भतीजा काम कर रहे थे। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, बड़ी बेटी कोमल का ससुराल से विवाद होने के चलते वह मायके में रह रही थी, जबकि छोटी बेटी दीया ग्रामीण बैंक में कैशियर है।
