फिल्म निर्माता करण जौहर और नीरज घायवान ने सोमवार शाम मुंबई में अपनी बहुचर्चित फिल्म ‘होमबाउंड’ की स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की। इस मौके पर ईशान खट्टर, जान्हवी कपूर, विक्की कौशल, खुशी कपूर, रोहित सराफ, मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर समेत कई बॉलीवुड सितारे मौजूद थे। स्क्रीनिंग से पहले का एक खास पल सभी का ध्यान खींच गया जब अभिनेता विशाल जेठवा भावुक हो उठे। जैसे ही वह पपराजी के सामने पोज देने पहुंचे, उनकी आंखों में आंसू भर आए। खुद को संभाल न पाने पर वह फफक-फफक कर रो पड़े। इस दौरान उनकी मां प्रीति जेठवा ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी। यह दृश्य कैमरे में कैद होने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।
विशाल ने बाद में खुद को संभाला और परिवार के साथ रेड कार्पेट पर पोज़ दिए। फैंस ने उनके भावुक होने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें ‘अगला इरफान खान’ बताया और उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज घायवान निर्देशित ‘होमबाउंड’ दो ग्रामीण दोस्तों की कहानी है, जो राष्ट्रीय पुलिस परीक्षा पास कर समाज में प्रतिष्ठा पाना चाहते हैं, लेकिन जातीय और सांप्रदायिक भेदभाव का सामना करते हैं। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का प्रीमियर मई में कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ था, जहां इसे स्टैंडिंग ओवेशन मिला। भारत में यह फिल्म 26 सितंबर को रिलीज होगी और इसे 2026 के ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है।
