बेंगलुरु से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सुंकदकट्टे बस स्टैंड पर 32 वर्षीय रेखा को उसके पति 35 वर्षीय लोहिताश्व ने चाकू से गोदकर मार डाला। घटना सोमवार सुबह हुई, जब रेखा अपनी 13 साल की बेटी के साथ बस स्टैंड पर थी। बेटी इस हत्याकांड की सीधी गवाह बनी। पुलिस के मुताबिक, रेखा और लोहिताश्व की शादी केवल 3 महीने पहले हुई थी। रेखा कॉल सेंटर में काम करती थी और लोहिताश्व कैब ड्राइवर है। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों अक्सर झगड़े करते थे, और यही कलह हत्या का कारण माना जा रहा है।
वारदात के दिन झगड़े के बाद रेखा अपनी बेटी के साथ बस स्टैंड पर गई, जहाँ लोहिताश्व ने पीछा कर चाकू से कई वार किए। रेखा मौके पर ही दम तोड़ गई। लोग उसे रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लोहिताश्व चाकू लहराकर फरार हो गया। पुलिस ने कामाक्षीपाल्या थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। रेखा की बेटी ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी।
