रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भारत को लेकर अहम बयान दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि भारत ज्यादातर हमारे पक्ष में है, हालांकि ऊर्जा से जुड़े कुछ मुद्दों पर मतभेद हैं जिन्हें सुलझाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यूरोप को भारत के साथ अपने संबंध और मजबूत करने चाहिए क्योंकि भारत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जेलेंस्की इससे पहले भी कह चुके हैं कि चीन अगर चाहे तो रूस पर दबाव डालकर इस जंग को खत्म करा सकता है।
हाल ही में जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की थी और वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और यूरोपीय नेताओं के साथ हुई चर्चा की जानकारी साझा की थी। उन्होंने कहा कि यह वार्ता शांति स्थापित करने की दिशा में अहम रही। साथ ही, मॉस्को द्वारा नागरिक ठिकानों पर हमलों की निंदा करते हुए पीएम मोदी को संवेदना जताने के लिए धन्यवाद भी दिया। जेलेंस्की ने यह भी दावा किया कि रूस ने यूक्रेन पर अब तक 3,500 से अधिक ड्रोन, 2,500 ग्लाइड बम और करीब 200 मिसाइलें दागी हैं। उन्होंने यूरोपीय देशों से अपील की कि वे बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली के जरिए संयुक्त सुरक्षा सुनिश्चित करें।
