दिल्ली-कानपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के अकराबाद के पास हुए भयानक हादसे में कार सवार चार दोस्तों और कैंटर चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसा करीब साढ़े पांच बजे उस समय हुआ, जब सिकंदराराऊ से आ रही तेज रफ्तार कार का ड्राइवर साइड का टायर फट गया। अनियंत्रित कार डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रहे कैंटर से जा भिड़ी।
हादसे में कार सवार पांचवें दोस्त को ग्रामीणों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला। आनन-फानन मौके पर पुलिस और दमकल टीम पहुंची और करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया गया। एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि कार की गति 120-125 किमी/घंटा और कैंटर की गति 70-80 किमी/घंटा थी। कार की पेट्रोल टंकी के फटने और स्पार्किंग से आग लगी। तकनीकी जांच में पुष्टि हुई कि कार में कोई सीएनजी फिटिंग नहीं थी। मृतकों के परिजनों के अनुसार, सोमवार को दोस्तों ने फैज के जन्मदिन की पार्टी मनाई थी और रातभर कार दौड़ाते रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने में कोई कदम नहीं उठाया। पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने मौके पर जांच की और हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है।
