भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में हिंद-प्रशांत द्वीप समूह सहयोग मंच (FIPIC) के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी की। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र से इतर आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास पर जोर देते हुए “जन-केंद्रित” एजेंडे पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि एफआईपीआईसी-3 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 12-सूत्रीय कार्ययोजना सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत और प्रशांत द्वीपीय देश विकास साझेदार हैं और हमारा सहयोग स्वास्थ्य, तकनीक, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण पर केंद्रित है।
गौरतलब है कि FIPIC (Forum for India-Pacific Islands Cooperation) की शुरुआत 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिजी में पहले शिखर सम्मेलन के दौरान की थी। इस मंच में फिजी, पापुआ न्यू गिनी, सोलोमन द्वीप, समोआ, टोंगा, वानुआतु समेत 14 प्रशांत द्वीपीय देश शामिल हैं। इसका उद्देश्य भारत और इन देशों के बीच राजनीतिक सहयोग को मज़बूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाना है।
