मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा किया है। सूत्रों के मुताबिक, राज कुंद्रा ने इस रकम में से करीब 15 करोड़ रुपये शिल्पा शेट्टी की कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। ईओडब्ल्यू ने बताया कि शिल्पा शेट्टी को जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। जांच में यह स्पष्ट करना है कि इतनी बड़ी राशि किस विज्ञापन या खर्च के एवज में ट्रांसफर की गई और शिल्पा ने यह बिल किस आधार पर जारी किया।
जांच में यह भी सामने आया कि रेजोल्यूशन पर्सनैलिटीज़ (आरपी) ने आवश्यक कागजात अभी तक ईओडब्ल्यू को नहीं सौंपे हैं। शिकायतकर्ता व्यापारी को जानबूझकर 26% शेयर नहीं दिए गए, ताकि इसकी जानकारी एनसीएलटी को न जाए। साथ ही, 60 करोड़ में से कुछ रकम सिस्टर कंपनियों को भी ट्रांसफर की गई। ईओडब्ल्यू इस सप्ताह के अंत तक राज कुंद्रा को दोबारा समन भेजकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले भी राज कुंद्रा कई मामलों में ईडी की जांच का सामना कर चुके हैं।
