उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुजफ्फरनगर की 16 वर्षीय नाबालिग लड़की और हरिद्वार के 26 वर्षीय युवक अपने-अपने घर से भाग कर बुलंदशहर के डिबाई कस्बा पहुंचे थे। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाई थी। 20 सितंबर को घर से भागने के बाद, प्रेमी जोड़े ने दो दिन पहले मोहल्ला सराय किशन चंद में किराए का मकान लिया था। बुधवार तड़के तीन बजे लड़की के रिश्तेदार और पुलिसकर्मी नाबालिग को बरामद करने मकान पहुंचे। घर के बाहर देखकर प्रेमी जोड़ा छत पर गया। वहां युवक ने पहले प्रेमिका को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर बुलंदशहर एसएसपी और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस और तमंचा बरामद किया है। पोस्टमार्टम के लिए दोनों शव भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जब लड़की के फूफा और पुलिस घर पहुंचे, तो छत से गोली चलने की आवाज आई। फिलहाल सभी तथ्यों की जांच जारी है।
