लेह में बुधवार को हुई हिंसा के बाद हालात तनावपूर्ण हैं। लेह में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है और अर्धसैनिक बल सड़कों पर तैनात हैं। गृह मंत्रालय ने हिंसा के लिए एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जिम्मेदार ठहराया है। मंत्रालय के अनुसार, वांगचुक ने भीड़ को भड़काऊ बयान देकर उकसाया। हालांकि, वांगचुक इन आरोपों का खंडन कर रहे हैं।
इसी बीच CBI ने वांगचुक द्वारा स्थापित हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ़ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख (HIAL) में विदेशी योगदान (FCRA) के कथित उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है। जांच गृह मंत्रालय की शिकायत पर चल रही है। वांगचुक ने कहा कि उनका संस्थान विदेशी धन पर निर्भर नहीं है और छात्र परियोजनाओं के लिए वजीफा पाते हैं। हिंसा में अब तक 4 लोगों की मौत और 80 घायल हुए हैं, जिनमें करीब 40 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
