उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की पयागपुर तहसील में एक तीन मंजिला अवैध मदरसे में निरीक्षण के दौरान 9 से 14 साल की 40 नाबालिग लड़कियां संदिग्ध हालत में शौचालय में बंद मिलीं। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने मदरसे को तत्काल बंद करने और लड़कियों को सुरक्षित घर पहुंचाने के आदेश दिए हैं। पयागपुर के एसडीएम अश्विनी कुमार पांडे ने बताया कि पहले मदरसे के संचालकों ने टीम को अंदर जाने से रोका। महिला पुलिसकर्मियों ने शौचालय का दरवाजा खुलवाया, जिसमें लड़कियां डर के मारे छिपी थीं।
मदरसे की शिक्षिका ने कहा कि अचानक निरीक्षण के कारण लड़कियां डरकर छिप गई थीं। जिला अधिकारी ने बताया कि मदरसे के अभिलेखों की जांच शुरू कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि अभी तक किसी बच्ची के अभिभावक या अधिकारी द्वारा कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन अगर शिकायत आएगी तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
