आगरा की बाह तहसील में सेवा पर्व पखवाड़ा-2025 के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, कृतित्व और न्यू इंडिया @2047 पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। सूचना एवं जन संपर्क विभाग, लखनऊ द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री मोदी के जीवन संघर्ष और उनके कार्यों को प्रदर्शित करती है। साथ ही इसमें केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे आम जनता को लाभ होगा।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश बीमारू प्रदेश से बेमिसाल प्रदेश बन चुका है। सरकार गरीबों, मजदूरों और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, जिला सूचना अधिकारी, उपजिला मजिस्ट्रेट, पत्रकार और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी 2 अक्टूबर तक बाह तहसील में आम जनता के लिए खुली रहेगी।
