अकोला के मजरा नगला परिमाल निवासी 27 वर्षीय किसान जयदेव की तबीयत खाद के लिए लंबी लाइन में खड़े-खड़े बिगड़ गई। उन्हें स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन आगरा ले जाते समय उनकी मौत हो गई। किसान तीन दिन से खाद के लिए सहकारी समिति के चक्कर लगा रहे थे।
जयदेव की मौत के बाद बुधवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया। नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को विरोध-प्रदर्शन किया। परिवार की आर्थिक मदद के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलने का निर्णय लिया गया। जिले में 100 से अधिक सहकारी समितियां हैं, लेकिन 20 से अधिक समितियों में खाद की कमी है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने पहले ही खाद वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। किसानों में खाद न मिलने से निरंतर परेशानी बढ़ती जा रही है।
