आगरा में श्री अग्रवाल सेवा संगठन, दयालबाग ने महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर ग्रांड सेलिब्रेशन रिसॉर्ट में महिला संगीत और मेहंदी रस्म का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य संरक्षक सुरेश चंद गर्ग, संरक्षक सुरेश अग्रवाल, गोपाल दास बंसल और डॉ. सतीश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण कर की। अध्यक्ष कुलवंत मित्तल ने बताया कि महिला संगीत में 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। मेहंदी रस्म के साथ-साथ पारंपरिक भजन और गीतों ने माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम स्थल रंग-बिरंगी पताकाओं से सजाया गया था और महिलाएँ व बच्चे पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर महोत्सव की रौनक बढ़ा रहे थे।
महामंत्री राजीव खेमका ने जानकारी दी कि शनिवार, 27 सितंबर को शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 18 राजकुमार और 18 राजकुमारियों की झांकी और कुलदेवी महालक्ष्मी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। शोभायात्रा दयालबाग क्षेत्र से होते हुए तपन प्लाजा तक जाएगी, जिसमें हजारों वैश्य समाज के लोग शामिल होंगे। रविवार को मेधावी सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।
