मथुरा के चौमुहां स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आश्रम में मिशन शक्ति-5 के तहत महिला सशक्तिकरण को समर्पित भव्य सम्मेलन एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने थाना जैंत क्षेत्र में हाल ही में हुए एनकाउंटर के दौरान महिला मिशन शक्ति टीम द्वारा दिखाए गए साहस और पराक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने महिला सशक्तिकरण के साथ बच्चों को अच्छे संस्कार देने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, डीआईजी आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडे ने थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की अहम भूमिका को रेखांकित किया।
सम्मेलन में मिशन शक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न वर्गों की 22 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बच्चों को संस्था के माध्यम से निशुल्क शिक्षा देने के लिए डॉ. सोनिका शर्मा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसएसपी श्लोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके अलावा प्रो. डॉ. मधु त्यागी और डॉ. लक्ष्मी गौतम ने भी अपने विचार साझा किए। समारोह का सफल संचालन एसपी ग्रामीण सुरेशचंद्र रावत द्वारा किया गया।
