यपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर स्थित न्यूरो ICU में आग लगने से 7 मरीजों की जलकर मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में चार अन्य मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:20 बजे ICU के स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। वहां रखे पेपर, मेडिकल सामग्री और ब्लड सैंपल ट्यूब में आग फैल गई। देखते ही देखते ज़हरीला धुआं पूरे ICU में भर गया, जिससे मरीजों का दम घुटने लगा।
मृतकों के नाम:
- पिंटू (सीकर)
- दिलीप (आंधी)
- श्रीनाथ (भरतपुर)
- रुक्मणि (भरतपुर)
- खुशमा (भरतपुर)
- बहादुर (सांगानेर)
लापरवाही के आरोप
ICU में भर्ती मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि धुआं फैलने के बाद वार्ड ब्वॉय और स्टाफ मौके से गायब हो गए, और काफी देर तक किसी ने मरीजों को बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। कई परिजनों ने खुद अपने मरीजों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा मंत्री जवाहर सिंह बेधम तुरंत अस्पताल पहुंचे। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के मुफ्त इलाज का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि “ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा,” और घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।
