अमेरिका के टेक्सास राज्य से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 31 वर्षीय महिला ने अपने ही चार बच्चों पर गोली चला दी, जिसमें दो की मौत हो गई। बाकी दो बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्रेजोरिया काउंटी के शेरिफ बो स्टालमैन ने बताया कि आरोपी महिला पर हत्या और घातक हथियार से हमले के आरोप लगाए गए हैं। 13 और 4 साल के दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 और 9 साल के दो अन्य बच्चे घायल हैं, जिनका ह्यूस्टन के अस्पताल में इलाज चल रहा है। गोली चलाने के बाद महिला ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है। शेरिफ ने कहा, “यह एक बेहद संवेदनहीन और दुखद घटना है। हम इन बच्चों के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे।” बताया गया कि महिला ह्यूस्टन के उत्तर में स्थित मोंटगोमरी काउंटी की रहने वाली है, जबकि घटना एंगलटन शहर में हुई — जिसकी आबादी करीब 19,500 है और यह ह्यूस्टन से लगभग 70 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। फिलहाल, इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि महिला ने अपने ही बच्चों पर गोली क्यों चलाई।
गन कल्चर पर सवाल:
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते 50 सालों में अमेरिका में गन कल्चर की वजह से 15 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका की जनसंख्या लगभग 33 करोड़ है, जबकि हथियारों की संख्या 40 करोड़ से भी अधिक बताई जाती है। गोलीबारी की ऐसी घटनाएं यहां आम होती जा रही हैं।
