टोक्यो: टोक्यो के दक्षिण में स्थित द्वीपों पर एक शक्तिशाली चक्रवाती तूफान के कारण भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इलाके में भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और सरकार ने सतर्क रहने का अलर्ट जारी किया है। क्योदो समाचार एजेंसी के अनुसार, इजु द्वीप समूह में रिकॉर्ड बारिश हुई है, जिससे कई इलाके जलमग्न और रास्ते अवरुद्ध हो गए। सैकड़ों लोग राहत शिविरों में शरण लेने पर मजबूर हुए।
तूफान के कारण कानेगावा प्रांत के ओइसो क्षेत्र में एक मछुआरे की मौत हो गई। सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तूफान धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन अगले कुछ दिनों में और बारिश होने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
