मुंबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का उद्घाटन करने के एक दिन बाद, कफ परेड और आरे जेवीएलआर के बीच 33.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो गलियारे पर बृहस्पतिवार से परिचालन शुरू हो गया। मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एमएमआरसी) ने बताया कि इस गलियारे को ‘एक्वा लाइन’ कहा जाता है। परिचालन सुबह 5:55 बजे से दोनों टर्मिनलों से पहली ट्रेन के प्रस्थान के साथ शुरू हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह परियोजना मुंबई के बुनियादी ढांचे में मील का पत्थर साबित होगी और शहरवासियों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डालेगी। इससे पहले, ‘एक्वा लाइन’ का परिचालन आचार्य अत्रे चौक और आरे जेवीएलआर के बीच सीमित था।फेज 2बी के उद्घाटन के साथ यह शहर का पहला पूर्णतः भूमिगत मेट्रो गलियारा अब पूरी तरह चालू हो गया है, जो दक्षिण मुंबई और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ता है।
