अछनेरा के खेड़ा सांधन में रेलवे अंडरपास में जलभराव के कारण किसानों की आजीविका पर संकट पैदा हो गया है। करीब 10 फुट पानी भरे अंडरपास के कारण लगभग 600 बीघा कृषि भूमि तक पहुंच अवरुद्ध हो गई है, जिससे किसान जुताई-बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। शुक्रवार को किसानों ने किसान नेता मोहन सिंह चाहर के साथ जिलाधिकारी अरविंद मालप्पा बंगारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में डीआरएम रेलवे से अंडरपास से पानी निकालने के लिए पंप सेट लगाने की मांग की गई। मोहन सिंह ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान रेलवे ट्रैक पर धरना देंगे। इस अवसर पर सुखवीर प्रधान, केशवदेव शर्मा, कोलम सिंह सरपंच, भूदेव सिंह पूर्व प्रधान, महेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह मास्टर, शेर सिंह और विजय सिंह समेत कई किसान मौजूद थे।
