पटना: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने शनिवार को साफ़ किया कि वह बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वे केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के “एक सच्चे सिपाही” के रूप में पार्टी के साथ जुड़े रहेंगे। हाल के दिनों में पवन सिंह के आरा या बड़हरा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की अटकलें तेज थीं। इन अटकलों को बल तब मिला जब उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी।
पवन सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा — “मैं विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी में शामिल नहीं हुआ था और न ही ऐसा इरादा है। मैं पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता हूं और रहूंगा।” उन्होंने अपने पोस्ट में अमित शाह के साथ एक तस्वीर भी साझा की।
बता दें, पवन सिंह ने 2024 लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। इस बीच, उनकी पत्नी ज्योति सिंह की प्रशांत किशोर से मुलाकात ने एक बार फिर सियासी चर्चाओं को हवा दी। हालांकि प्रशांत किशोर ने साफ़ किया कि ज्योति सिंह की मुलाकात का चुनाव या टिकट से कोई संबंध नहीं था, बल्कि वह अपनी व्यक्तिगत परेशानियाँ साझा करने आई थीं।
