मराठी भाषा पर की गई एक महिला की टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। ठाणे के कलवा रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना में मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) की एक महिला पदाधिकारी ने उस महिला को थप्पड़ मार दिया, जिसने कथित तौर पर मराठी भाषा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात कलवा रेलवे स्टेशन पर एक महिला और पुरुष के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। बहस के दौरान महिला ने मराठी भाषा पर विवादित टिप्पणी कर दी। जिस पुरुष से उसका झगड़ा हुआ, वह मनसे की महिला पदाधिकारी का पति था।
घटना के बाद मनसे नेता ने उस महिला को ढूंढ निकाला और कैमरे पर माफी मांगने के लिए कहा। वीडियो में महिला को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि उसने मराठी भाषा पर गलत टिप्पणी की और उस पर पछतावा है। जब महिला अपनी बात खत्म कर रही थी, तभी पास बैठी मनसे नेता ने उसे थप्पड़ मार दिया और चेतावनी दी कि आगे से ऐसा व्यवहार दोबारा न करे।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हंगामा मच गया। कई लोग इसे मनसे की आक्रामक राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ ने महिला की टिप्पणी को मराठी अस्मिता का अपमान बताया है।

कोई शिकायत दर्ज नहीं
ठाणे जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है। उन्होंने कहा, “यह घटना शुक्रवार रात की है। मराठी भाषा को लेकर हुई बहस के बाद महिला ने माफी मांग ली, और बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।”
इस पूरे मामले पर फिलहाल न तो मनसे की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही संबंधित महिला ने। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही इस घटना पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
