उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सोमवार सुबह आयकर विभाग (Income Tax Department) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मशहूर मीट कारोबारियों इमरान और इरफान के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी (Income Tax Raid) शुरू की।
यह रेड तड़के सुबह 4 बजे लखनऊ, दिल्ली और पश्चिम यूपी की टीमों द्वारा शुरू की गई। कार्रवाई में 70 से अधिक गाड़ियां और 100 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। सूत्रों के मुताबिक, टीमों ने मीट फैक्टरी, आवासीय परिसरों और रिश्तेदारों के घरों पर दस्तावेजों और अकाउंट बुक्स की गहन जांच की। देर रात तक टीमें अंदर ही मौजूद रहीं और किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
20 साल पुराने कारोबार की जांच में जुटी टीमें
इमरान और इरफान करीब 20 वर्ष पहले हड्डी के कारोबार से व्यापार जगत में आए थे और बाद में मीट एक्सपोर्ट बिजनेस (Meat Export Business) में उतर गए। वर्तमान में दोनों भाइयों की फैक्ट्रियां संभल, बरेली, हापुड़ और कैराना में संचालित हैं, जिनसे करोड़ों रुपये का कारोबार होता है।

फैक्टरी में सैकड़ों कर्मचारी और मजदूर अंदर रोके गए
मीट फैक्टरी में कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक मजदूर और कर्मचारी मौजूद थे। चूंकि यह समय मीट सप्लाई और कंटेनर लोडिंग का होता है, इसलिए टीम ने सभी को अस्थायी रूप से भीतर ही रहने के निर्देश दिए।
फैक्टरी परिसर में खाने-पीने की व्यवस्था होने के कारण जांच बिना रुकावट जारी रही।
रिश्तेदारों और कर्मचारियों के ठिकानों पर भी छानबीन
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीमें मीट कारोबारियों के रिश्तेदारों और मैनेजरों के घरों पर भी पहुंचीं। सूत्रों ने बताया कि वहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और जानकारी टीम के हाथ लगी है। हालांकि विभाग ने अभी इस पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज, डायरी को लेकर अफवाहें
संभल में आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएँ चलती रहीं। कुछ यूज़र्स ने दावा किया कि टीम के पास किसी डायरी या सीक्रेट रिकॉर्ड की जानकारी थी, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई। हालांकि आयकर विभाग ने इन अफवाहों की पुष्टि नहीं की है।
दिल्ली से लेकर गाजियाबाद तक रेड का विस्तार
सूत्रों के अनुसार, इंडिया फ्रोजन फूड कंपनी (India Frozen Food Company) के नाम से चल रहे कारोबार के संभल, बरेली, मुरादाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और बुलंदशहर स्थित 30 से अधिक ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।
