खदान ढहने से वेनेजुएला में 14 लोगों की मौत

वेनेजुएला के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद बड़ा हादसा हुआ है। बोलिवर राज्य के एल कैलाओ शहर में एक सोने की खदान ढह गई, जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। लगातार हो रही बारिश ने इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ब्रिगेडियर जनरल ग्रेगोरी गोंजालेज एसवेडो के नेतृत्व में राहत और बचाव अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एक कमांड पोस्ट बनाया गया है, जहां से शवों को निकालने और फंसे लोगों की तलाश का काम जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसा काराकस से करीब 850 किलोमीटर दूर एल कैलाओ स्थित ‘क्यूआत्रो एस्क्विनास डी कैरेटल’ नाम की खदान में हुआ। खदान के तीन अलग-अलग शाफ्ट बारिश के कारण धंस गए।

बचाव टीमों ने बताया कि पानी का स्तर काफी बढ़ गया था, जिसे पंपों के जरिए नीचे किया जा रहा है ताकि बचाव अभियान तेज़ी से चल सके। एल कैलाओ के अग्निशामक दल ने बताया कि मृतकों की संख्या मौके पर मौजूद खनिकों के बयानों के आधार पर बताई गई है, इसलिए यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। एल कैलाओ ऐसा शहर है, जहां ज्यादातर लोग सोने के खनन से अपनी रोज़ी-रोटी कमाते हैं। करीब 30,000 आबादी वाले इस शहर में अधिकांश लोग सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से खनन कार्य से जुड़े हैं। वेनेजुएला सोना, हीरा और तांबे जैसी कीमती धातुओं से समृद्ध देश माना जाता है।

Sulahkul
Author: Sulahkul

ये भी पढ़ें...

Screenshot 2023 05 07 150959
cropped WhatsApp Image 2025 03 19 at 15.57.50 ed4b1a47