
सिंगापुर। सिंगापुर ने एक भारतीय नागरिक ने शर्मनाक करतूतें की हैं। 58 साल की उम्र का एक भारतीय नाबालिग किशोरी से यौन शोषण करने का दोषी पाया गया है। बच्ची की उम्र महज 11 साल थी। वह उसकी दुकान में शाम के वक्त कुछ खरीदने आई थी, तभी दरिंदे ने मौका पाकर उसका जबरन यौन शोषण किया। अब अदालत ने दोषी को 14 साल की सख्त सजा सुनाई है।
अदालत के फैसले के अनुसार दोषी व्यक्ति ने 11 साल की बच्ची का दो बार यौन उत्पीड़न किया था। उसे अब इस जुर्म में बृहस्पतिवार को 14 साल से अधिक की सजा सुनाई गई। सिंगापुर उच्च न्यायालय ने कहा कि रामलिंगम सेल्वासेकरन (58) की उम्र अधिक होने के कारण उसे कोड़े तो नहीं मारे जाएंगे, लेकिन उसे कोड़ों के बदले 14 वर्ष, तीन महीने और दो सप्ताह की सजा दी जाएगी। द स्ट्रेट्स टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि सेल्वासेकरन को अदालत ने सात जुलाई को दोषी करार दिया था। मामले के अनुसार ये अपराध 28 अक्टूबर 2021 को शाम लगभग चार बजकर 50 मिनट से पांच बजकर पांच मिनट के बीच तब हुआ, जब सिंगापुर के पश्चिमी तट पर जुरोंग वेस्ट स्थित उसकी एक दुकान पर बच्ची कुछ लेने आई थी। मुकदमे की सुनवाई के दौरान सेल्वासेकरन ने खुद अपना पक्ष रखा। उसे सजा 30 जुलाई को सुनाई गई, लेकिन उसने खुद को बेगुनाह बताया और कहा कि वह अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील करेगा।
