
उप्र। शिकोहाबाद के मलिखानपुर गांव के समीप सड़क किनारे बनी हुई मजार को कुछ असामाजिक तत्वों ने रातोंरात तोड़ दिया। इतना ही नहीं मजार के स्थान पर हनुमान जी की मूर्ति को भी स्थापित कर दिया। पुलिस ने मौके पर आकर हनुमान जी की मूर्ति को हटवाया है। शहर के परतापुर चौराहे से होते हुए मलिखानपुर गांव का सम्पर्क मार्ग है। इस गांव में सड़क किनारे कई वर्षों से पुरानी पीर बाबा की मजार बनी हुई थी। बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने पीर बाबा की मजार को तोड़ दिया। इतना ही नहीं बजरंगबली की मूर्ति को मजार के स्थान पर स्थापित कर दिया। जब सुबह गांव के लोगों की नजर टूटी हुई मजार पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। हनुमान जी की मूर्ति को मजार के स्थान पर स्थापित देख हर कोई हैरत में पड़ गया।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर शिकोहाबाद अनुज कुमार पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद मजार के स्थान पर स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को हटवा दिया। कुछ ही देर बार सीओ प्रवीण तिवारी एवं गोपनीय विभाग की टीम मौके पर आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। साथ ही मजार तोड़ने वालों की जानकारी जुटाना पुलिस ने शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों ने यह काम किया है। वह गांव के ही रहने वाले हैं। उन लोगों ने ऐसा करके धार्मिक सद्भावना को ठेस पहुंचाने का काम किया है। बीती रात 10ः30 बजे तक ग्रामीण गांव में घरों के बाहर थे। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि यह काम रात 1 बजे करीब किया गया है। शिकोहाबाद के सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि हमें घटना की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर आई है। मामले की जांच एवं आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
