
गुजरात के महिसागर में बांध से पानी छोड़े जाने के कारण एक हाइड्रो पावर प्लांट में पांच लोग डूब गए। हादसे के समय यहां 15 लोग काम कर रहे थे। अचानक पानी आने पर सभी मजदूर प्लांट से बाहर भागे, लेकिन पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। मोरबी पुल दुर्घटना में शामिल जयसुख पटेल की अजंता पावर प्रोजेक्ट कंपनी का यहां एक प्लांट है। हादसे के समय जलविद्युत संयंत्र पर 15 काम कर रहे थे। इनमें से 5 डूब गए। प्रशासन और स्थानीय दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिला पुलिस प्रमुख और जिला कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की।
मृतकों के नाम
- शैलेश रायजीभाई माछी (दोलतपुरा)
- शैलेशभाई रमणभाई माछी (दोलतपुरा)
- भरतभाई अखमाभाई पडरिया (दाधलिया)
- अरविंदभाई डामोर (अकलिया)
- नरेशभाई वायरमैन (गोधरा)
मौके पर मौजूद एक सहकर्मी मनीष मच्छी ने बताया कि इस प्लांट के कुएं में मशीन की मरम्मत का काम चल रहा था और जब लोग काम कर रहे थे, तभी पानी पूरे जोर से आया। हमें बताया गया था कि पानी छोड़ा जाएगा, लेकिन प्रोजेक्ट वाले ने हमें यह नहीं बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जाएगा। हमें प्रोजेक्ट के जलस्तर के बारे में भी नहीं बताया गया था, वरना हम सब पानी छोड़े जाने से पहले ही बाहर आ जाते।
