
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत जोरदार अंदाज में की। 5 सितंबर को खेले गए पूल-बी मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 11-0 के विशाल अंतर से मात दी। टीम की ओर से उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग ने दो-दो गोल दागे। उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में अपना जलवा दिखाया। दुनिया की नौवें नंबर की टीम भारत ने टूर्नामेंट की 30वें पायदान पर मौजूद थाईलैंड टीम के खिलाफ पहले हाफ में ही 5-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद मैच पूरी तरह एकतरफा हो गया। महिला एशिया कप में इस बार कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें सुपर-4 चरण में प्रवेश करेंगी। सुपर-4 की सर्वश्रेष्ठ दो टीमें 14 सितंबर को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगी। गौरतलब है कि भारत इस टूर्नामेंट में अपनी दो दिग्गज खिलाड़ियों गोलकीपर सविता पूनिया और ड्रैग फ्लिकर दीपिका के बिना खेल रहा है। दोनों चोटिल होने के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं। थाईलैंड पर जीत के बाद भारत का अगला मैच शनिवार को जापान से होगाए जबकि पूल चरण का आखिरी मुकाबला 8 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ खेला जाएगा।
