
आगरा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बाराबंकी के रामस्वरूप विश्वविद्यालय में हुए लाठीचार्ज के विरोध में मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस राजा मंडी से शहीद स्मारक तक निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी महानगर मंत्री शिवांग खंडेलवाल ने कहा कि “यदि अपने अधिकारों की मांग करना अपराध है, तो हम सभी दोषी हैं। विद्यार्थी परिषद अपने अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी और प्रशासन को कार्रवाई करनी होगी।”जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन पर लाठीचार्ज की घटना की जांच कर दोषियों को सजा देने की मांग की। उनका कहना था कि अधिकारों की मांग करना अपराध नहीं है, और प्रशासन का ऐसा कदम निंदनीय है।एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प भी लिया।
