
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस जघन्य अपराध को कुल्हाड़ी से अंजाम दिया गया। यह घटना खरसिया थाना क्षेत्र के ठुसुकेला गांव में हुई है। मृतकों की पहचान बुधराम उरांव (45), उनकी पत्नी सहोदरा उरांव (40), बेटे अरविंद उरांव (12) और बेटी शिवांगी उरांव (5) के रूप में हुई है।
खरसिया क्षेत्र के पुलिस अनुमंडलीय अधिकारी, प्रभात पटेल ने बताया कि पुलिस को गुरुवार सुबह गांव के राजीवनगर मोहल्ले में एक घर से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने पाया कि चारों शवों को घर के पीछे बाड़े में गोबर के ढेर के नीचे छिपाया गया था। शवों पर कुल्हाड़ी से किए गए गहरे घाव के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। फिलहालए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हत्याकांड के पीछे के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से छानबीन कर रही है। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल पैदा कर चुकी है।
